मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने और स्वच्छ वातावरण बनाने के लिए पालिका के सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों में ड्यूटी के प्रति संवेदनशीलता तथा जवाबदेह व्यवस्था बनाने के लिए उठाये जा रहे कदमों का सकारात्मक परिणाम मिल रहा है। शहर के वार्डों के शुरू हुए औचक निरीक्षण में पहले ही दिन हुई बड़ी गंभीर कार्यवाही के कारण मंगलवार को दूसरे दिन के चार वार्डों के निरीक्षण में घने कोहरे के बीच सभी सफाई कर्मचारी अपने ड्यूटी स्थल पर कार्य करते हुए पाये गये। एक कर्मचारी गैर हाजिर मिला, लेकिन उसके द्वारा अवकाश का आवेदन दिया गया था।
नगरपालिका परिषद् के 55 वार्डों में सफाई व्यवस्था की समस्याओं को जानने और सफाई कर्मचारियों को ड्यूटी के प्रति जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने दिशा निर्देश दिये। वार्डों का औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है। सोमवार को पहले ही दिन दो वार्डों के निरीक्षण में 16 कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले थे। इनके खिलाफ गंभीर कार्यवाही पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने की तो हड़कम्प मचा हुआ है।
मंगलवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पालिका अध्यक्ष के पति गौरव स्वरूप ने घने कोहरे के बीच ही सात बजे शहर के वार्डों का औचक निरीक्षण शुरू किया। उन्होंने शहर के वार्ड 01 अलमासपुर, वार्ड 14, वार्ड 18 और वार्ड 33 का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई नायकों से वार्ड में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या की जानकारी ली और सभी कर्मचारियों की मौके पर ही परेड कराकर उनकी उपस्थिति को भी परखा गया। पालिका के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अतुल कुमार भी इस निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि आज पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के मार्गदर्शन में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चार वार्डों का औचक निरीक्षण किया गया। इसमें कोई भी कर्मचारी ड्यूटी से गायब नहीं पाया गया। वार्ड संख्या 01 अलमासपुर क्षेत्र में 8 कर्मचारी तैनात हैं, जो निरीक्षण में अपने कार्यों पर उपस्थित मिले। वार्ड संख्या 14 में 19 कर्मचारी तैनात हैं तो वार्ड संख्या 18 में 13 और वार्ड संख्या 33 में 30 कर्मचारी तैनात हैं, जो सभी उपस्थित पाये गये। डा. अतुल के अनुसार वार्ड संख्या 18 में एक कर्मचारी हाजिरी परेड में नदारद था, जिसके बारे में सफाई नायक ने बताया कि वो अवकाश पर गया है और उसका आवेदन भी मौके पर दिखाया गया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को भी सुना और वार्ड में सफाई व्यवस्था के लिए उनसे बात भी की तथा सभासदों के साथ भी वार्ड में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और अन्य मुद्दों पर चर्चा की। वार्ड 18 की सभासद ममता बालियान ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उनके वार्ड में 13 सफाई कर्मचारी हैं, जिनमें से 10 महिला कर्मी होने के कारण सफाई कार्य बाधित ही रहता है। उन्होंने पुरुष कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा, डा. अतुल ने बताया कि पालिकाध्यक्ष के निर्देश पर वार्ड 18 में पुरुष कर्मचारियों को तैनात किया जायेगा।
औचक निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता गौरव स्वरूप, सभासद ममता बालियान, सभासद पति राहुल पंवार, सभासद राजेश देवी, सभासद पति ललित कुमार, संजय जिंदल काका, अनुराग एडवोकेट के अलावा सफाई नायक राजेश उटवाल, सुरेन्द्र कुमार, अतुल कुमार और राजेन्द्र मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें